मीरगंज में कृष्णा सिंह हत्याकांड का खुलासा, 20 करोड़ की सुपारी में रची गई थी साजिश

Author: आलोक कुमार | Date: 2026-03-31 20:36:37

गोपालगंज - मीरगंज थाना क्षेत्र के हथुआ–कुसौंधी मुख्य मार्ग पर ग्राम मुड़ा स्थित एक ईंट भट्ठा के पास 23 मार्च 2026 की शाम करीब 6:10 बजे हुए चर्चित कृष्णा सिंह हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या के पीछे की बड़ी साजिश का खुलासा किया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हथुआ के नेतृत्व में गठित विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, मानवीय खुफिया सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की। जांच के दौरान यह सामने आया कि हत्या एक सुनियोजित आपराधिक साजिश के तहत की गई थी, जिसमें करीब 20 करोड़ रुपये में सुपारी तय की गई थी। पुलिस के अनुसार, साजिशकर्ताओं ने आपस में संपर्क स्थापित कर शूटरों की व्यवस्था की थी। घटना के दिन आरोपियों द्वारा पहले रेकी की गई और उसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कृष्णा सिंह की हत्या कर दी गई।

इस कांड में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शमशाद अली (ग्राम मठिया माधवलाल, थाना हथुआ), सुनील सिंह (ग्राम बैरागी टोला, थाना श्रीपुर), मुकेश कुमार शर्मा उर्फ शूटर (ग्राम बालाहाता वृतिटोला, थाना उचकागांव), जयप्रकाश राम (ग्राम रुपनचक, थाना हथुआ) तथा अजीत कुमार गुप्ता (ग्राम रुपनचक, थाना हथुआ) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा, एक कारतूस तथा पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तकनीकी जांच के दौरान एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की भी पहचान की गई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही, घटना में प्रयुक्त अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं।