गोपालगंज - जिले में संगठित अपराध, हत्या और भूमि विवाद से जुड़े मामलों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय अपराधी गोरख यादव उर्फ गोरख चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार सितंबर 2025 में पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के कुकुरमुक्का गांव निवासी एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया था। इस संबंध में हावड़ा थाना कांड संख्या 434/25, दिनांक 30 सितंबर 2025 को दर्ज किया गया था। मामले का खुलासा कोलकाता पुलिस द्वारा किया गया था, जबकि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए हावड़ा पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में गोपालगंज पुलिस ने पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर छापेमारी करते हुए आरोपी गोरख यादव को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी सिधवलिया थाना क्षेत्र के कुंड सुजौली गांव निवासी शिवरतन चौधरी का पुत्र बताया जाता है।
पुलिस के अनुसार गोरख यादव का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, अपहरण, लूट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी रंजन यादव, पिता भैरो यादव, निवासी कुकुरमुक्का, थाना नगर, जिला गोपालगंज अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी को फरार आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत गोपालगंज पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उसे 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।पुलिस ने कहा है कि जिले में संगठित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



You Can give your opinion here