Author: आलोक कुमार | Date: 2026-04-01 21:04:54

गोपालगंज - समाहरणालय सभाकक्ष में सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में गैस, पेट्रोलियम, उर्वरक तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा व पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने आयुक्त को पौधा भेंट कर सम्मानित किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।बैठक में एलपीजी गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्यान्न वितरण व उर्वरक की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस व ईंधन उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो। साथ ही पीडीएस के तहत पारदर्शी राशन वितरण और किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में जीविका समूहों की गतिविधियों, विकास योजनाओं की प्रगति तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया। बैठक में कई जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।