Author: आलोक कुमार | Date: 2026-04-02 19:30:43

गोपालगंज- जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में एसपी विनय तिवारी ने महमदपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी। एसपी ने बताया कि सिधवलिया थाना क्षेत्र के लड़ौली गांव निवासी जितेंद्र कुमार, पूर्वी चंपारण के कोटवा थाना क्षेत्र के मच्छरगांवा निवासी तबरेज आलम, जगती जमुनिया गांव निवासी मुन्ना कुमार, बजरंग थाना क्षेत्र के चौरिया गांव निवासी मनोज राय तथा मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के परसा गोप गांव निवासी लक्ष्मण राय को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की एक स्कॉर्पियो, चार बोलेरो, तीन बाइक, एक लैपटॉप, तीन प्रिंटर, एक इनवर्टर, एक बैटरी, चार मोबाइल, 50 फर्जी नंबर प्लेट, नौ स्मार्ट कार्ड और एक गैस कटर बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से जिले में लगातार वाहन चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इसके बाद एसडीपीओ सदर-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने महमदपुर थाना क्षेत्र के बगीस मोड़ के पास बिना नंबर प्लेट की एक स्कॉर्पियो का पीछा कर उसे पकड़ा, जिसमें जितेंद्र कुमार और तबरेज आलम सवार थे।दोनों की निशानदेही पर पूर्वी चंपारण जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर स्थित एक गैरेज से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई गाड़ियों को बरामद किया गया। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।एसपी ने बताया कि यह गिरोह बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी के वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर फर्जी कागजात तैयार किए जाते थे और उनका उपयोग आपराधिक घटनाओं में किया जाता था।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। वहीं, इस कार्रवाई में शामिल एसआईटी टीम को दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ सदर-2 राजेश कुमार, डिप्टी एसपी अवंतिका दिलीप कुमार, अंचल निरीक्षक रामबाबू प्रसाद, संतोष कुमार, अरविंद कुमार, महमदपुर थानाध्यक्ष श्याम नारायण प्रसाद, सिधवलिया थानाध्यक्ष सोमदेव कुमार झा समेत बैकुंठपुर और माझा के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।