Author: आलोक कुमार | Date: 2026-04-06 19:40:57

गोपालगंज- जिले के एसपी कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में विभिन्न थानों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। जनता दरबार की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने की।जन सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, मारपीट, लंबित प्राथमिकी, पुलिस कार्रवाई में देरी तथा अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। एसपी ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित थानाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया, जिससे फरियादियों ने राहत की सांस ली। एसपी ने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा कर पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।जनता दरबार में उमड़ी भीड़ से यह स्पष्ट हुआ कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन पर भरोसा जता रहे हैं।