Author: आलोक कुमार | Date: 2026-04-08 21:02:53

गोपालगंज- जिले में भूमाफियाओं और फर्जी रजिस्ट्री के माध्यम से आम लोगों की जमीन हड़पने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुख्यात भू-माफिया गंगदयाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि वर्ष 2017-18 के दौरान सक्रिय रहा गंगदयाल यादव और उसका गिरोह एक बार फिर क्षेत्र में सक्रिय होकर आम लोगों को परेशान कर रहा था। गिरोह के सदस्य फर्जी रजिस्ट्री तैयार कर जमीन की अवैध बिक्री करने और लोगों से रंगदारी मांगने जैसे आपराधिक कार्यों में संलिप्त थे

इस मामले में पुलिस उपाधीक्षक (परीक्ष्यमान) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गंगदयाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गंगदयाल यादव पूर्व से ही आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और जमीन कब्जा करने तथा रंगदारी से जुड़े कई मामलों में शामिल रहा है। 20 फरवरी 2025 को भी धमकी और रंगदारी मांगने की घटना सामने आई थी। इस मामले में नगर थाना में कांड संख्या 369/26 दर्ज किया गया है, जिसमें रंगदारी, अवैध कब्जा, धमकी सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह संकेत भी मिले हैं कि आरोपी के तार अन्य जिलों, विशेषकर पटना से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन लोगों के संरक्षण और सहयोग से यह गिरोह काम कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपी गंगदयाल यादव, स्वर्गीय मुनेर यादव का पुत्र है और नगर थाना क्षेत्र के अमवा नकछेद गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी तथा आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

गोपालगंज पुलिस ने कहा है कि संगठित अपराध और भूमाफियाओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम नागरिकों की संपत्ति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।